जमशेदपुर के मानगो में चोरी की घटना का खुलासा, दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, 28 हजार नकद और दस्तावेज बरामद…

Jamshedpur news: मानगो थाना पुलिस ने ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित प्रशांत एंक्लेव अशोका टावर के सामने एक फ्लैट में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो शातिर अपराधियों शाहरुख खान और मो. औरंगजेब उर्फ जबरन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 28 हजार रुपये नकद और चोरी हुए दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
यह घटना 3 जून की रात की है जब कुंवर सिंह बस्ती स्थित अशोका टावर के फ्लैट नंबर 102 का ताला तोड़कर नकद रुपये, आभूषण और दस्तावेज चुरा लिए गए थे। मकान मालिक मनोज कुमार पाठक की शिकायत पर मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने सिटी एसपी के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शाहरुख खान के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं वहीं मो. औरंगजेब उर्फ जबरन भी दो मामलों में वांछित था।
दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

