1000204698

जमशेदपुर NH-33 पर भारी जलजमाव!! हाईवे बना तालाब, आशियाना वुडलैंड में 20 फीट पानी, चल रही है नाव…

खबर को शेयर करें
1000204698

Jamshedpur news: जमशेदपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद NH-33 पर भारी जलजमाव की स्थिति बन गई है। पारडीह स्थित काली मंदिर के पास टाटा-रांची और टाटा-पूरुलिया हाईवे पूरी तरह से पानी में डूब गया। हालात इतने खराब हैं कि लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे और कई गाड़ियां पानी में डूब गईं। कुछ जगहों पर लोगों को ट्यूब के सहारे बचाया गया।

फदलोगोड़ा स्थित आशियाना वुडलैंड कॉलोनी की स्थिति और भी भयावह है। यहां 15 से 20 फीट तक पानी भर गया है जिससे ग्राउंड फ्लोर के सारे घर डूब चुके हैं और गाड़ियां बह गईं। सैकड़ों लोग अपने घरों में फंसे हुए हैं और मदद की गुहार लगा रहे हैं।

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मौके पर पहुंचे और NHAI की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने बताया कि हाईवे निर्माण में पानी निकासी की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं की गई जिससे यह स्थिति बनी है। उन्होंने खुद जेसीबी से पानी निकालने में मदद की।

प्रशासन ने राहत के तौर पर फोरलेन सड़क को काटकर पानी निकालने की कोशिश की लेकिन जलभराव के कारण काम में दिक्कतें आईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि फ्लाईओवर निर्माण के दौरान पुराने नाले को बंद कर दिया गया था जो इस समस्या की बड़ी वजह है। फिलहाल वैकल्पिक रास्तों से यातायात चालू करने के निर्देश दिए गए हैं।