लगातार बारिश से जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट की बाउंड्री वॉल गिरी…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। इस बीच गुरुवार को सोनारी स्थित एयरपोर्ट की बाउंड्री वॉल भरभराकर गिर पड़ी जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। एयरपोर्ट के एक हिस्से में छज्जा भी गिरा है लेकिन समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया। एयरपोर्ट प्रबंधन और टाटा स्टील UISL की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और दीवार की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से ऐसे इलाकों में न जाएं जहां जलजमाव या संरचनात्मक क्षति की आशंका हो।

