अब 15 दिनों में मिलेगा नया वोटर ID कार्ड, हर चरण की मिलेगी SMS से जानकारी…

Azad Reporter desk: चुनाव आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए एक नई प्रणाली की शुरुआत की है जिसके तहत अब मतदाता पहचान पत्र यानी वोटर आईडी कार्ड सिर्फ 15 दिनों के भीतर मतदाता तक पहुंचा दिया जाएगा। यह सुविधा तब लागू होगी जब कोई व्यक्ति नया नामांकन कराएगा या अपने वोटर कार्ड की जानकारी में कोई बदलाव करवाएगा।
इस नई प्रक्रिया में सबसे खास बात यह है कि वोटर कार्ड बनने से लेकर उसके डाक के जरिए पहुंचने तक की पूरी जानकारी SMS के जरिए मतदाता को दी जाएगी। यानी अब मतदाता अपने कार्ड की स्थिति रियल-टाइम में ट्रैक कर पाएंगे।
चुनाव आयोग के मुताबिक अब तक यह प्रक्रिया एक महीने या उससे अधिक समय लेती थी लेकिन ईसीआईनेट नाम के नए डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए इस प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाया गया है। इसके अंतर्गत डाक विभाग का एप्लिकेशन प्रोग्राम इंटरफेस (API) भी ईसीआईनेट से जोड़ा गया है जिससे कार्ड की डिलीवरी में किसी तरह की रुकावट न हो।
अधिकारियों ने बताया कि यह पहल मतदाताओं को बेहतर सेवा देने और डाटा की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है। आयोग ने यह भी बताया कि बीते चार महीनों में मतदाताओं के हित में कई डिजिटल कदम उठाए गए हैं जिससे चुनाव प्रक्रिया और अधिक सुगम हो सके।


