जमशेदपुर और उसके आस पास के जगहों में बारिश बन रही है आफत!! स्वर्णरेखा-खरकई उभार पर, बागबेड़ा से मानगो तक जल ही जल, MGM अस्पताल की भी टपक रही है छत…

Jamshedpur news: जमशेदपुर और उसके आस पास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। जानकारी के मुताबिक चांडिल डैम के साथ फाटक खोल दिए गए हैं स्वर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है जिससे शहर के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

बागबेड़ा, मानगो, जोजोबेड़ा, जगसलाई जैसी बस्तियों में घरों के अंदर तक पानी घुस चुका है। लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। कई जगहों पर हालत तो इतनी गंभीर है कि अगर कोई बीमार व्यक्ति अस्पताल जाना चाहे तो रास्ता ही नहीं मिलेगा।

जैसे अगर उदाहरण के तौर पर देखें तो कपाली-तमुलिया लिंक रोड, रोड नंबर 14 जवाहरनगर मानगो, परडीह चौक और वारिस कॉलोनी जैसे इलाकों में हालात बेहद खराब हैं। बारिश का पानी और ओवरफ्लो होते नालों का गंदा पानी सड़कों और घरों के अंदर तक फैल चुका है।

बात करें अगर सुनारी के निर्मल नगर की तो यहां 40 से अधिक घर पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं। नालियां जाम हैं ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है। नाले ओवरफ्लो हो रहे हैं और नालियों के पानी सड़क बह रहे है जिससे जलनिकासी का कोई रास्ता नहीं बचा है।

इन सबके बीच कोल्हान का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल MGM भी पानी के संकट से अछूता नहीं है। करोड़ों की लागत से बनी नई बिल्डिंग की छत से पानी टपकने लगा है जिससे अस्पताल के भीतर भी दिक्कतें बढ़ गई हैं।

स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस राहत कदम नहीं उठाए गए हैं। बारिश ने एक बार फिर शहर की तैयारियों की पोल खोल दी है। चाहे वह सरकारी अस्पताल हो या आम बस्ती हर जगह पानी ही पानी है। आखिर कब सुधरेगा ड्रेनेज सिस्टम और कब मिलेगी लोगों को राहत? फिलहाल ये जरूर कहा जा सकता है कि जमशेदपुर डूब रहा है पानी में भी और लापरवाही में भी।

