झारखंड में 9वीं से 12वीं तक के 9.68 लाख छात्रों को मिलेगा स्कूल किट, प्रति छात्र 1200 रुपये की राशि होगी आवंटित…

खबर को शेयर करें
1000203482

Jharkhand: झारखंड सरकार ने राज्य के सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले 9वीं से 12वीं कक्षा तक के कुल 9 लाख 68 हजार 339 विद्यार्थियों के लिए एक अहम योजना शुरू की है। इसके तहत सभी पात्र छात्रों को स्कूल किट दी जाएगी जिसमें दो जोड़ी पोशाक, एक स्वेटर और एक जोड़ी जूते-मोजे शामिल होंगे।

इस योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक शशि रंजन ने सभी डीईओ (जिला शिक्षा पदाधिकारी) और डीएसई (जिला शिक्षा अधीक्षक) को पत्र जारी किया है। इसमें निर्देश दिया गया है कि यू-डायस (U-DISE) पोर्टल में दर्ज नामांकित छात्रों की संख्या के अनुसार उनकी ड्रेस, स्वेटर और जूतों की साइज की जानकारी स्कूलवार उपलब्ध करवाई जाए। ताकि छात्रों को उनके माप के अनुसार यह किट मिल सके।

इस योजना के तहत सरकार की ओर से प्रत्येक छात्र को 1200 रुपये की राशि दी जाएगी। यह राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे छात्रों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि छात्र अपनी जरूरत के अनुसार सही गुणवत्ता की चीजें प्राप्त कर सकें।

अब तक छात्रों को डीबीटी के जरिए राशि भेजने के बाद अभिभावक अपने स्तर पर यूनिफॉर्म आदि की खरीद करते थे। लेकिन अब सरकार सेंट्रलाइज्ड सप्लाई सिस्टम लागू करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत निर्धारित एजेंसी स्कूलों में जाकर छात्रों को यूनिफॉर्म, स्वेटर, जूते और मोजे प्रदान करेगी।

पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर यह नई व्यवस्था सबसे पहले कोल्हान प्रमंडल के तीन जिलों में लागू की जा रही है। यदि इसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होती है तो इसे पूरे राज्य में एक मॉडल योजना के रूप में लागू किया जाएगा।

जिलावार छात्रों की अनुमानित संख्या (चयनित जिले):

•पलामू: 82,245

•धनबाद: 55,498

•देवघर: 55,199

•पश्चिमी सिंहभूम: 50,274

•पूर्वी सिंहभूम: 48,751

•बोकारो: 47,077

•गिरिडीह: 46,715

•हजारीबाग: 43,575

•गोड्डा: 40,196

•गुमला: 35,764

•साहिबगंज: 34,489

•लातेहार: 30,411

•कोडरमा: 30,559

•सिमडेगा: 15,296

•खूंटी: 14,874

झारखंड सरकार की यह पहल स्कूली छात्रों को बेहतर सुविधा, आत्मसम्मान और शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।