नया अपडेट: झारखंड की 7.5 लाख महिलाओं को मिलेगी सौगात, मंईयां सम्मान योजना की राशि जल्द खाते में…

Jharkhand: झारखंड की 7.5 लाख महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत अब उन महिलाओं को भी योजना का लाभ मिलने वाला है जिनके बैंक खाते आधार कार्ड से लिंक नहीं होने के कारण अब तक राशि नहीं मिल पाई थी।
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने जानकारी दी है कि राज्य में मंईयां सम्मान योजना के कुल लाभुकों की संख्या 53.35 लाख है। इनमें से 44.70 लाख महिलाओं के खातों में 13 मई से राशि भेजी जा रही है। शेष 7.5 लाख महिलाओं को आधार सीडिंग पूरी न होने के कारण अप्रैल माह की राशि नहीं मिल सकी थी।
हालांकि अब इन 7.5 लाख महिलाओं के खाते की आधार सीडिंग का काम पूरा हो चुका है और सरकार द्वारा राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि जून में 7.65 लाख लाभुकों की आधार सीडिंग पूरी की गई जिसके बाद अप्रैल माह की लंबित राशि भी जल्द ही उनके खातों में भेज दी जाएगी।
विभाग द्वारा राज्य के 24 जिलों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में यह सामने आया कि कुछ जिलों जैसे सिमडेगा, रांची, हजारीबाग, धनबाद और बोकारो में महिलाओं के खातों का सत्यापन सबसे कम हुआ था। फिर भी अब तक 52 लाख से अधिक लाभुकों का सत्यापन हो चुका है जिनमें से 44 लाख से अधिक महिलाओं को अप्रैल माह की राशि प्राप्त हो चुकी है।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन महिलाओं ने योजना के लिए पंजीकरण करवाया है उनके खातों में पैसे भेजने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और बाकी को भी जल्द राशि मिल जाएगी।

