पटना में थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग, 15 मजदूरों की जान बची…

Azad Reporter desk: राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव स्थित एक थर्माकोल फैक्ट्री में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मजदूर जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। मजदूरों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की लेकिन लपटें इतनी भयावह थीं कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो पाया।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस और फायर ब्रिगेड की 9 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि फैक्ट्री से 15 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया। अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
हालांकि फैक्ट्री को आग से भारी नुकसान हुआ है। लाखों रुपये की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है लेकिन सटीक आंकलन अभी बाकी है।

