BSSC CGL 4 परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया स्थगित, नई तारीख जल्द होगी घोषित…

Azad Reporter desk: बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) ने चतुर्थ स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CGL 4 2025) की आवेदन प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी है। आयोग ने बताया कि नई तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी। स्थगन से जुड़ा नोटिस आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bssc.bihar.gov.in पर उपलब्ध है।
आयोग ने अपने नोटिस में कहा है कि परीक्षा शुल्क में संशोधन प्रस्तावित होने के कारण 18 अगस्त 2025 से शुरू होने वाली आवेदन प्रक्रिया को रोका गया है। पहले यह प्रक्रिया 18 अगस्त से 19 सितंबर 2025 तक चलने वाली थी। इस परीक्षा के माध्यम से राज्य के विभिन्न विभागों में 5,208 पदों पर भर्ती की जानी थी जिसमें ग्रेजुएट स्तर की नौकरियां शामिल हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घोषणा की थी कि राज्य में होने वाली प्रारंभिक प्रतियोगी परीक्षाओं का परीक्षा शुल्क घटाकर केवल 100 रुपये कर दिया जाएगा और मुख्य परीक्षा में कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर की सरकारी नौकरियों के लिए पीटी में उपस्थित उम्मीदवारों से केवल 100 रुपये शुल्क लिया जाएगा।

