पटना से बड़ी खबर! पुलिस टीम पर हमला, वर्दी फाड़ी जवान को पीटा, मौके पर जुटी भारी फोर्स…

Azad reporter desk: पटना में अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है। ताजा मामला पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के एग्जीबिशन रोड का है जहां डायल 112 की पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। हमले में पुलिसकर्मी संजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि संजय कुमार को मौके पर मौजूद युवक ने न सिर्फ पीटा बल्कि उनकी वर्दी फाड़ दी और चश्मा तक तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक एग्जीबिशन रोड स्थित एच कॉम्प्लेक्स में एक पिता और पुत्र के बीच विवाद हो गया था। पिता शहजाद खान ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस टीम जैसे ही पहुंची शहजाद खान का बेटा शिवतेन राजा आपा खो बैठा और संजय कुमार पर हमला कर दिया। उसने पुलिसकर्मी को गेट के सामने घसीट कर जमीन पर गिरा दिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
हमले में घायल संजय कुमार ने किसी तरह जान बचाकर वायरलेस के जरिए अन्य पुलिसकर्मियों को सूचना दी। कुछ ही देर में गांधी मैदान, कोतवाली और कदमकुआं थाने की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों की मदद से हमलावर युवक को पकड़ लिया गया।
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसके पिता ने बताया कि वह लंबे समय से मानसिक बीमारी से ग्रस्त है और इलाज चल रहा है। बीते पांच दिनों से वह सोया नहीं है और आज बिहार शरीफ मजार जाने की तैयारी में था। ड्राइवर समय पर नहीं पहुंच पाया जिससे वह गुस्से में आ गया और पहले घरवालों से फिर पुलिस से उलझ पड़ा।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। घायल पुलिसकर्मी का इलाज चल रहा है।

